Jambudweep - 7599289809
encyclopediaofjainism@gmail.com
About Us
Facebook
YouTube
Encyclopedia of Jainism
  • विशेष आलेख
  • पूजायें
  • जैन तीर्थ
  • अयोध्या

पंचकल्याणक सम्बन्धी आवश्यक विधि

July 22, 2017स्वाध्याय करेंjambudweep

प्रतिष्ठाचार्यों के लिए संक्षिप्त निर्देशन


-गणिनी ज्ञानमती
(१) प्रतिष्ठाग्रंथ एक किन्हीं का विरचित ही लेना चाहिए। संकलित-वर्तमान साधु या विद्वानों का संकलित न हो। प्रथमाचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज की परम्परा में एवं अंकलीकर आचार्यों की परम्परा में भी तथा दक्षिण में भी सर्वमान्य प्रमाणीक ‘प्रतिष्ठातिलक ग्रंथ’ सर्वांगीण है। उसी से प्रतिष्ठा विधि कराना चाहिए।
(२) मलमास-१५ दिसम्बर से १५ जनवरी तक क्या प्रतिष्ठा के मुहूर्त होते हैं ? दक्षिण में सायनसंक्रांति हो जाने से प्रतिष्ठाएँ होती हैं।
(३) सरस्वती वंदना में किसी बालिका को सरस्वती बनाकर वंदना नहीं कराना चाहिए, प्रत्यु्त सरस्वती की प्रतिमा और जिनवाणी या सरस्वती यंत्र विराजमान करके वंदना कराना चाहिए।
(४) महिलाओं को कंकण बायें हाथ में ही बांधना है।
(५) प्रतिमा की प्रशस्ति में, पोस्टर, कुम्कुम पत्रिका, फोल्डर आदि में तिथि व वीर निर्वाण संवत् पहले देना है। आजकल बहुत सी पत्रिकाओं में केवल तारीख दे देते हैं, यह भारतीय परम्परा व जैन परम्परा से गलत है। चूँकि यहीं के तिथि व महिनों के अनुसार ही स्वर्गों में इन्द्रगण नंदीश्वर पर्व आदि मनाते हैं, ऐसा षट्खण्डागम ग्रंथ में आया है।
(६) जैन ग्रंथों के अनुसार ६ घड़ी उदयातिथि को ही लेना चाहिए, प्रभात में ५ घड़ी तक की विधि मान्य नहीं है। व्रतों के लिए ‘‘व्रत तिथि निर्णय’’ पुस्तक अवश्य पढ़ें तथा दीपावली के दिन लक्ष्मी पूजा के लिए भगवान के निर्वाणलाडू के पहले दिन मुहूर्त नहीं देना चाहिए। चूँकि भगवान महावीर स्वामी कार्तिक कृ. अमावस्या को मोक्ष गये। उसी दिन सायं गौतम स्वामी को केवलज्ञान हुआ है। इसी उपलक्ष्य में गणेश-गणधर देव व लक्ष्मी-केवलज्ञानलक्ष्मी की पूजा होती है।
(७) मंदिर आदि के शिलान्यास में खनन विधि का मुहूर्त अधोमुखनक्षत्र में एवं शिलान्यास का मुहूर्त ऊध्र्वमुख नक्षत्र में ही देना चाहिए। ऐसा प्रतिष्ठाग्रंथ आदि सभी ग्रंथों में वर्णन है।
(८) प्रतिष्ठाचार्य व यजमान सज्जातीय हों-विधवा विवाह, पुनर्विवाह, विजातीय विवाह आदि सहित या उनकी संतान न हों। यज्ञोपवीत लेकर ही अभिषेक, अनुष्ठान व आहारदान देने योग्य होते हैं।

गर्भकल्याणक क्रिया में

 (९) भद्रकुंभ-मटकी में माता की स्थापना करके चारों तरफ आठ पाटे पर कमल आदि बनाकर कलश स्थापना करके उसमें ८ दिक्कुमारी-श्री, ह्री आदि देवियों के मंत्रों से स्थापना-पूजा आदि करना है। उस समय बालिकाओं को नहीं खड़ी करना। पूजा होने के बाद बालिकाओं को एक साथ खड़ी करके पुष्पांजलि क्षेपण कर देना है।
(१०) भद्रकुंभ के सामने तीर्थंकर माता की पूजा करने में जो माता-पिता बनाये गये हैं, उन माता को उनके पास बिठाकर उनकी पूजा नहीं करना, अनंतर उन माता पर ‘माता मरुदेवी भव’ आदि बोलकर मंत्रपूर्वक पुष्पांजलिं क्षेपण कर देना चाहिाए।
(११) वेदी में यदि बड़ी स्थिर प्रतिमा विराजमान हैं उनकी प्रतिष्ठा करना है तो उन पर छिद्र सहित कुंभ लटकाया जाता है, ऊपर बांधा जाता है। यह क्रिया भी चैनल में व बाहर में नहीं दिखाना चाहिए। यह अंतरंग क्रिया है।
(१२) भद्रकुंभ में श्री, ह्री आदि देवियों से मंत्र पढ़ते हुए जो जल डलवाया जाता है। यह भी अंतरंग क्रिया है। इस क्रिया को पर्दे में ही कराना है। चैनल आदि में नहीं दिखाना हैं अर्थात् यह गर्भशोधन क्रिया अंतरंग क्रिया ही है।
(१३) अनंतर जो माता-पिता बने हैं। उन माता को स्वप्न दिखाना आदि, उनकी बालिकाओं द्वारा सेवा कराना, स्वप्न के फल पति से पूछना। देवियों के माता से प्रश्नोत्तर, इन्हें विस्तार से मंच पर दिखलाना चाहिए।
(१४) गर्भ में भगवान आ गये हैं। इसको दिखाने के लिए इंद्रो का आगमन, वाद्य बजाना। गर्भावतार में इंद्र द्वारा माता-पिता का सम्मान भेंट आदि देना, दिखाना चाहिए। विशेष – प्राय: अन्य अनावश्यक क्रियाओं में समय अधिक निकाल देने से यह माता-पिता के प्रश्नोत्तर, माता से देवियों के प्रश्नोत्तर आदि गौण हो जाते हैं या नहीं दिखाये जा पाते हैं। यह विषय दिखाने के लिए पहले से ही समय की सीमा बना लेना चाहिए।

जन्मकल्याणक में

(१५) जन्मकल्याणक में तीर्थंकर का नामकरण इंद्र सुमेरु पर करता है। पुन: इन्द्राणी जिनबालक को वस्त्र पहनाकर तिलक व अलंकार तथा काजल आदि लगाकर लाती हैं। अत: ‘नामकरण’ के लिए तीर्थंकर के ‘बुआ’ की बोली करना, बुआ से नाम रखाना या बुआ से काजल लगवाना यह श्वेताम्बर परम्परा है। यह दिगम्बर जैन ग्रंथों से विरुद्ध है। ऐसा नहीं करना चाहिए। विशेष – बोली से धन-द्रव्य की व्यवस्था में अन्य और बोली के साधन बनाना चाहिए। जैसे बालक से क्रीड़ा में तथा बालक, कुमार अवस्था को प्राप्त हुए तो उनके साथ सभा कराने में-प्रश्नोत्तर कराने में विषय बढ़ाना चाहिए, इन विषयों से रोचकता लाना चाहिए।
(१६) तीर्थंकर को देव या नाथ ही कहना चाहिए। जैसे कि-ऋषभदेव, अजितनाथ, शांतिनाथ आदि। ऋषभकुमार, अजितकुमार, शांतिकुमार आदि नहीं कहना चाहिए। तीर्थंकर बालक जन्म से क्या गर्भ से ही भगवान हैं। उनके नाम नहीं बिगाड़ना चाहिए। देखें-आदिपुराण पृ. २९०, ३०१, ३५२, ३६२ आदि।
(१७) जन्माभिषेक में यद्यपि पूर्ण शुद्धि की बात नहीं है फिर भी पांडुकशिला पर तीर्थंकर बालक का जन्माभिषेक करने वाले पुरुष धोती-दुपट्टे में ही हों, पैंट, कोट आदि कपड़ों में न हों तथा महिलाएं साड़ी पहने हों सलवार, कुर्ते आदि की वेशभूषा में न हों क्योंकि अभिषेक की वेषभूषा निर्धारित है।
(१८) आकार शुद्धि विधि में लिखित विधि अनुसार वस्तुएं कलशों में अवश्य डालना चाहिए पुन: कलशों को यथास्थान स्थापित करके नम्बर डालकर उसी ग्रंथ में कथित विधि के अनुसार ही कलश उठाना व अभिषेक करना चाहिए।
(१९) जन्मजयंती में-ऋषभदेव जयंती, महावीर जयंती आदि में पाँच कल्याणक से प्रतिष्ठित प्रतिमा का पालना नहीं झुलाना। दो कल्याणक की मूर्ति को झुलाना या अप्रतिष्ठित प्रतिमा को झुलाना। प्लास्टिक का खिलौना कभी नहीं झुलाना है।
(२०) प्रतिष्ठा ग्रंथ आदि किन्हीं ग्रंथों के किसी भी पाठ को बदलना या बढ़ाना या घटाना नहीं चाहिए। जिनवाणी के एक भी अक्षर में परिवर्तन-परिवर्धन नरक निगोद का कारण है, ऐसा श्री वीरसागर आचार्यवर्य कहा करते थे।

दीक्षाकल्याणक में

(२१) तीर्थंकर भगवान को दीक्षा लेने के बाद ‘सागर’ नहीं कहना। तीर्थंकर जन्म से भगवान हैं, दीक्षा के बाद उनके नाम नहीं बदलते हैं। प्राचीन समय में श्री गौतमस्वामी, श्री कुंदकुंददेव, श्री उमास्वामी आदि के वे ही नाम रहे हैं, बदले नहीं गये हैं। ‘सागर’, ‘नंदि’ आदि की परम्परा वर्तमान में है। तीर्थंकर की दीक्षा में नाम नहीं बदलना है।
(२२) पिच्छी-कमण्डलु देते समय ‘पिच्छिकां स्थापयामि’ ‘कमंडलुं स्थापयामि’ बोलना है। पिच्छिकां गृहाण गृहाण आदि नहीं बोलना चाहिए। ऐसा श्री वीरसागर आचार्य-प्रथम पट्टाचार्य गुरुदेव ने कहा था।
(२३) दीक्षाकल्याणक में ‘संस्कार मालारोपण’, अंकन्यास, नहीं करना चाहिए। १. प्रतिष्ठातिलक, २. प्रतिष्ठासारोद्धार, ३. प्रतिष्ठाकल्प-श्री अकलंकदेव कृत, ४. प्रतिष्ठाप्रदीप-पं. नाथूलाल जी कृत आदि में ये दोनों क्रियाएँ केवलज्ञानकल्याणक में ही हैं। ये क्रियाएँ आचार्य श्री वीरसागर जी व आचार्य श्री महावीरकीर्ति जी द्वारा सन् १९५७ के चातुर्मास में पूर्णतया निषिद्ध की गई थीं।

केवलज्ञानकल्याणक में

(२४) सप्तभंगी के मंत्रों के समय भगवान की प्रतिमा के मुख में पट्टी नहीं बांधना है। सामने सप्तधान के सात पुंज रखने का विधान प्रतिष्ठातिलक ग्रंथ में है।
(२५) प्रतिष्ठाविधि में केवलज्ञान में नाभितिलक विधि व नेत्रोन्मीलन विधि अंतरंग क्रिया है। चैनल आदि में नहीं दिखाना चाहिए।
(२६) समवसरण में भूत, पिशाच आदि देवों को विकृत नहीं बनाना चाहिए। ये सभी सुंदर रूप वाले हैं।

मोक्षकल्याणक में

(२७) सुगंधित ताजे पुष्पों से जो ‘सज्जाति’ आदि मंत्रों से आराधना है, वह वैसी ही कराना चाहिए।
(२८) यदि वैलाशपर्वत या सम्मेदशिखर आदि बनाकर उस पर मोक्षकल्याणक विधि करायी है, तो मोक्ष जाने के बाद उसी पर कपूर नहीं जलाना चाहिए। प्रत्युत सामने ही स्थंडिल पर कपूर जलाना चाहिए।
(२९) केवलज्ञानकल्याणक में तथा प्रतिष्ठापूर्ति के बाद १००८ कलशों से बड़ा अभिषेक या कम से कम १०८ कलशों से अभिषेक कराना चाहिए।
(३०) वेदी शुद्धि, मंदिर शुद्धि, शिखरशुद्धि व कलशों की-स्वर्ण कलशारोहण के कलशों की शुद्धि ८१ कलशों से विधिवत् कराना चाहिए।
(३१) वधिवत् पूजा मुख विधि, पंचामृत अभिषेक और अन्त्यविधि पूर्वक देवपूजा करने से श्रावकों की सामायिक हो जाती है। ऐसा अनेक ग्रंथों में वर्णित है। अत: विधिवत् पूजा करना चाहिए। (३२) विधिवत्-कृतिकर्मपूर्वक सामायिक करने का विधान धवला, जयधवला, मूलाचार, चारित्रसार आदि ग्रंथों में है। इस विधि से सामायिक करने से योगाभ्यास एवं प्राणायाम भी सहज हो जाते हैं। इस विधि में अनेक बार उठना, बैठना, खड़े होकर विधि करना आदि क्रियाएँ हैं एवं श्वासोच्छ्वासपूर्वक कायोत्सर्ग किये जाते हैं।

चारित्रचक्रवर्ती प्रथमाचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज की परम्परा

प्रथम परम्परा बीसवीं शताब्दी के प्रथमाचार्य चारित्रचक्रवर्ती श्री शांतिसागर जी महाराज इनके प्रथम शिष्य श्री वीरसागर मुनिराज ये प्रथम पट्टाचार्य वीरसागर जी हुए हैं। (इनके प्रथम शिष्य) द्वितीय पट्टाचार्य श्री शिवसागर जी महाराज (आचार्य वीरसागर जी के शिष्य) तृतीय पट्टाचार्य श्री धर्मसागर जी महाराज (आचार्य श्री शिवसागर जी के शिष्य) चतुर्थ पट्टाचार्य श्री अजितसागर जी महाराज (आचार्य श्री शिवसागर जी के शिष्य) पंचम पट्टाचार्य श्री श्रेयांससागर जी महाराज (आचार्य श्री धर्मसागर जी के शिष्य) षष्ठ पट्टाचार्य श्री अभिनंदनसागर जी महाराज आज विद्यमान हैं।

इसी परम्परा में द्वितीय परम्परा

चतुर्थ पट्टाचार्य श्री अजितसागर जी महाराज के बाद (आचार्य श्री धर्मसागर के शिष्य) श्री वर्धमानसागर जी महाराज पंचम पट्टाचार्य हो गये हैं। ये आज विद्यमान हैं।) इसी शांतिसागर प्रथमाचार्य परम्परा में आचार्य श्री रयणसागर जी मुनिराज हैं। आचार्य श्री विपुलसागर जी मुनिराज हैं। इस परम्परा में सज्जाति, पंचामृत अभिषेक आदि परम्पराएँ चल रही हैं। पूर्णतया मान्य हैं।

द्वितीय परम्परा

आचार्य श्री देशभूषण जी महाराज के शिष्य आचार्य श्री विद्यानंद जी महाराज एलाचार्य श्री श्रुतसागर जी मुनिराज आदि हैं। इनकी परम्परा में एलाचार्य श्री वसुनंदि जी मुनिराज इसी में दूसरी परम्परा है  (आचार्य श्री शांतिसागर जी के शिष्य) आचार्य श्री पायसागर जी महाराज उनके शिष्य आचार्य श्री जयकीर्ति जी महाराज उनके शिष्य आचार्य श्री देशभूषण जी महाराज इनके शिष्य आचार्य श्री बाहुबली जी की एक परम्परा है। तीसरी परम्परा प्रथम पट्टाचार्य श्री वीरसागर जी के शिष्य द्वितीय पट्टाचार्य श्री शिवसागर जी महाराज के शिष्य आचार्य श्री ज्ञानसागर मुनिराज (इनके शिष्य) आचार्य श्री विद्यासागर मुनिराज (ये तेरह पंथ परम्परा में हो गये हैं) (इनके शिष्य) मुनि श्री सुधासागर जी, मुनि श्री प्रमाणसागर जी, मुनि श्री नियमसागर जी, मुनि श्री आर्जवसागर जी आदि हैं। विशेष-इनकी परम्परा में सज्जाति, पंचामृत अभिषेक, शासन देव-देवी आदि मान्य नहीं हैं। अंकलीकर परम्परा में प्रथम परम्परा मुनि श्री आदिसागर आचार्य नहीं थे, मुनि थे इनके शिष्य आचार्य श्री महावीरकीर्ति जी महाराज उनके शिष्य आचार्य श्री विमलसागर जी मुनिराज इनके शिष्य आचार्य श्री भरतसागर जी मुनिराज इनके पट्ट पर आचार्य श्री चैत्यसागर जी मुनिराज हैं। द्वितीय परम्परा  आचार्य श्री विमलसागर जी महाराज के शिष्य आचार्य श्री सन्मतिसागर जी महाराज आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज (द्वितीय आचार्य श्री योगीन्द्रसागर हुए थे, जो स्वर्गस्थ हो गये हैं) तृतीय परम्परा  आचार्य श्री विमलसागर जी से दीक्षित आचार्य श्री विरागसागर जी महाराज इनके अनेक शिष्य, अनेक आचार्य हो गये हैं। चौथी परम्परा इन्हीं महावीरकीर्ति के शिष्य आचार्य श्री कुंथुसागर ने १८ से अधिक आचार्य बनाये हैं। इनके शिष्य आचार्य श्री पद्मनंदि के अनेक शिष्य भी आचार्य बने हैं। पाँचवीं परम्परा १. आचार्य श्री पुष्पदंतसागर जी महाराज ये आचार्य श्री विमलसागर जी बीसपंथी परम्परा के शिष्य हैं। २. इनके शिष्य मुनि श्री तरूणसागर जी महाराज, मुनि श्री पुलकसागर जी महाराज, मुनि श्री प्रमुखसागर जी महाराज, मुनि श्री सौरभसागर जी, मुनि श्री अरुणसागर जी महाराज आदि हैं। आचार्य श्री शांतिसागर (छाणी-तेरहपंथी) की परम्परा प्रथम परम्परा आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज (छाणी वाले) ये तेरहपंथ परम्परा में थे। ये स्वयं दीक्षित थे। आचार्य श्री सूर्यसागर जी महाराज ये स्वयं दीक्षित थे। आचार्य श्री विजयसागर जी महाराज ये स्वयं दीक्षित थे। आचार्य श्री विमलसागर जी महाराज ये स्वयं दीक्षित थे। इनके शिष्य आचार्य श्री सुमतिसागर जी महाराज इनके शिष्य आचार्य श्री सन्मतिसागर जी महाराज (बड़ागाँव) आचार्य श्री सुमतिसागर जी के द्वितीय शिष्य ज्ञानसागर मुनि-ये आचार्य श्री सन्मतिसागर जी के पट्टाचार्य ज्ञानसागर जी महाराज हैं। द्वितीय परम्परा  स्वयं दीक्षित आचार्य श्री निर्मलसागर जी महाराज (इन्होंने आचार्य श्री विमलसागर जी महाराज तेरहपंथी को गुरु मान लिया था।) इनके शिष्य आचार्य श्री दर्शनसागर जी महाराज आचार्य निर्मलसागर के शिष्य उपाध्याय श्री नयनसागर जी महाराज एवं क्षुल्लक श्री समर्पणसागर जी महाराज आदि हैं। तृतीय परम्परा इन आचार्य निर्मलसागर के शिष्य आचार्य शांतिसागर जी (हस्तिनापुर) ये कानजी पंथ से प्रभावित थे। इनके शिष्य आचार्य श्री धर्मभूषण जी महाराज (कानजीपंथ प्रभा.) इनके शिष्य आचार्य श्री भारतभूषण जी महाराज हैं। इस परम्परा में आचार्य श्री नि:शंकभूषण जी, मुनि श्री निर्वाणभूषण जी साधु हैं।
तेरहपंथ परम्परा में- आचार्य श्री कल्याणसागर जी महाराज ये णमोकार मंत्र पाठ कराने से णमोकार बाबा से प्रसिद्ध हुए हैं। इनके शिष्य आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज हैं।
 
Tags: jinamandir moorti evan Panchkalyanak Pratishtha Vidhi
Previous post जम्बूद्वीप Next post स्याद्वाद चन्द्रिका में अध्यात्म

Related Articles

01. सोलह स्वप्न दर्शन!

November 13, 2014jambudweep

०८. गर्भावतरणकल्याणक!

May 29, 2015jambudweep

04.लघु यागमण्डल विधानम्!

May 29, 2015jambudweep
Privacy Policy