-गीता छंद-
वृषभादि चौबिस तीर्थकर, इस भरत के विख्यात हैं।
जो प्रथित जंबूद्वीप के, संप्रति जिनेश्वर ख्यात हैं।।
इन तीर्थकर के तीर्थ में, सम्यक्त्व निधि को पाय के।
वंदूँ यहाँ प्रभु भक्ति से, अति चित्त में हरषाय के।।१।।
-नरेन्द्र छंद-
‘वृषभदेव’ के चरण कमल को, नित शत इंद्र नमें हैं।
कर्मकालिमा दूर भगा कर, स्वातम तत्त्व भजे हैं।।
मैं भी दृढ़ भक्ती से वंदूँ, कर्म शृंखला टूटे।
प्रभु मुक्ती होने तक मेरा, सम्यक् रत्न न छूटे।।१।।
कर्म जीत, ‘श्री अजितनाथ’ जिन, जग में ख्यात हुये हैं।
नाथ आपका आश्रय लेकर बहुजन पार हुये हैं।।मैं..।।२।।
दृढ़ पुरुषार्थ सफल कर तुमने, भवभय नाश किया है।
इसीलिये इंद्रों ने, ‘संभवनाथ’ सुनाम दिया है।।मैं..।।३।।
सब जग आनंदित करते, ‘अभिनंदननाथ’ जिन का।
जो जन ध्यावें हृदय कमल में, भवभय व्याधि हरंता।।मैं..।।४।।
कुमति त्याग कर सुमति वरण कर, ‘सुमतिनाथ’ जिन पाया।
मुझको भी सुमती दीजे अब, मैं जग से अकुलाया।।मैं..।।५।।
मुक्तीपद्मा से आलिंगित, ‘पद्मप्रभू’ जग नामी।
जो जन पादपद्म तुम सेते, होते शिवश्री स्वामी।।मैं..।।६।।
श्री ‘सुपार्श्वनाथ’ समीप आ, मिटे सकल जग फिरना।
प्रभो आप वच नाव पाय के, होय भवोदधि तिरना।।मैं..।।७।।
‘चन्द्रनाथ’ तुम आस्य चंद्र से, वचनामृत झरता है।
कर्णपुटों से पीते ही तो, हर्षाम्बुधि बढ़ता है।।मैं..।।८।।
गणधरगण भी प्रभु गुण गाकर, पार नहीं पाते हैं।
‘पुष्पदंतनाथ’ नाम से, निज आनंद पाते हैं।।मैं..।।९।।
मोह अग्नि से झुलस रहा, ‘शीतल प्रभु’ शीतल करिये।
नाथ! शीघ्र ही भाक्तिक जन की, सकल भरम बुधि हरिये।।मैं..।।१०।।
श्री ‘श्रेयांसनाथ’ है सबको, श्रेयस्कर हितकारी।
इंद्र नरेन्द्र सभी मिल नमते, गुण गावें रुचि धारी।।
मैं भी दृढ़ भक्ती से वंदूँ, कर्म शृंखला टूटे।
प्रभु मुक्ती होने तक मेरा, सम्यक् रत्न न छूटे।।११।।
‘वासुपूज्यप्रभु’ वासव पूजित, वसुगुण मुख्य धरे हैं।
सुर किन्नरियाँ वीणा लेके, प्रभु गुणगान करे हैं।।मैं..।।१२।।
भावकर्ममल द्रव्य कर्ममल, धोकर ‘विमल’ हुए हैं।
विमल धाम हेतू मुनिगण भी, तुम पद लीन हुए हैं।।मैं..।।१३।।
भव अनंत को सर्वनाश कर, ‘अनंतनाथ’ सुखी हैं।
तुम पद पंकज जो भवि नमते, होते पूर्ण सुखी हैं।।मैं..।।१४।।
धर्म चक्रधर ‘धर्मनाथ’ जिन, दशविध धर्मप्रदाता।
मुनिगण सुरगण विद्याधरगण, वंदत पावें साता।।मैं..।।१५।।
‘शांतिनाथ’ तुम पद आश्रय ले, भविजन शांती पाते।
इसी हेतु जग से अकुला कर, तुम शरणागत आते।।मैं..।।१६।।
चिच्चैतन्य सुधारस दाता, ‘कुंथुनाथ’ भगवंता।
जो तुम वंदे भवदुख खंडे, चित्सुख आस धरंता।।मैं..।।१७।।
‘अरनाथ’ जिन का वंदन कर, सुर नर पुण्य कमाते।
निज कर में निजगुण संपति ले, सब दुख दोष गंवाते।।मैं..।।१८।।
काम मल्ल औ मोह मल्ल को, मृत्यु मल्ल को चूरा।
‘मल्लिनाथ’ ने भक्तजनों के, मनवांछित को पूरा।।मैं..।।१९।।
‘मुनिसुव्रत भगवान’ स्वयं में, मुनिव्रत धर भव जीता।
उनके पदचिन्हों पर चल के, अगणित ने यम जीता।।मैं..।।२०।।
रत्नत्रय निधि के स्वामी हैं, ‘नमिनाथ’ प्रभु जग में।
फिर भी सर्व परिग्रह विरहित, मुद्रा नग्न प्रगट में।।मैं..।।२१।।
‘नेमिनाथ’ ने राजमती तज, मुक्तिवल्लभा चाही।
सरस्वती माता ने उनकी, अनुपम कीर्ती गाई।।मैं..।।२२।।
कमठ दैत्य के उपसर्गों से, परम सहिष्णु कहाये।
‘पारसनाथ’ मंत्र मन धारें, सहन शक्ति वे पायें।।
मैं भी दृढ़ भक्ती से वंदूँ, कर्म शृंखला टूटे।
प्रभु मुक्ती होने तक मेरा, सम्यक् रत्न न छूटे।।२३।।
‘वर्धमान’ अतिवीर वीर प्रभु, सन्मति नाम तुम्हारे।
महावीर प्रभु को जो वंदें, सकल अमंगल टारें।।मैं..।।२४।।
-दोहा-
वृषभदेव को आदि ले, महावीर पर्यन्त।
नमूँ ‘ज्ञानमति’ पूर्ण हित, वंदत हो भव अंत।।२५।।