-प्रज्ञाश्रमणी आर्यिका श्री चंदनामती माताजी
शाश्वत तीर्थ अयोध्या पहला तीर्थ कहा जिनशासन में।
तीर्थंकर जिनराज अनंतानंत जहाँ पर हैं जनमे।।
कई भूतकालों में जनमे अरु भविष्य में जन्मेंगे।
उनमें ही श्रेणिक राज प्रथम तीर्थंकर महापद्म होंगे।।१।।
जिनशासन में दो ही शाश्वत तीर्थ कहे हैं युग युग से।
एक अयोध्या और दूसरा है सम्मेदशिखर जग में।।
जन्मभूमि निर्वाणभूमि के रूप में दोनों पावन हैं।
उभय तीर्थ का दर्शन वंदन करता सबको पावन है।।२।।
चलो चलें प्रभु जन्मभूमि तीर्थों की प्रथम शृँखला में।
तीर्थ अयोध्या चलें वहाँ की पावन रज वन्दना करें।।
वर्तमान के कृतयुग में जहाँ पाँच तीर्थंकर जनमे हैं।
ऋषभ अजित अभिनन्दन सुमति अरु अनंतप्रभु जिनवर हैं।।३।।
तीर्थेश प्रथम श्री ऋषभदेव चक्रीश प्रथम भरतेश हुए।
मदनेश बाहुबलि प्रथम प्रथम श्री अनंतवीर्य जिनेश हुए।।
श्रीवृषभसेन गणधर थे प्रथम सबके पितु प्रथम जिनेश हुए।
ब्राह्मी माँ गणिनी प्रथम सुंदरी के भी पिता वृषभेश हुए।।४।।
इस तीर्थ अयोध्या में पाँचों के पाँच टोंक जन्मस्थल हैं।
हुण्डावसर्पिणी काल में उनका अतिशय दिखता कुछ कम है।।
बीसवीं सदी के अर्ध शतक के बाद पुण्य अवसर आया।
जब अवध प्रान्त में देशभूषणाचार्य गुरू का संघ आया।।५।।
प्रभु ऋषभदेव भरतेश बाहुबलि मूर्ति उन्होंने पधराईं।
कुछ वर्ष बाद फिर बड़ी मूर्ति इकतिस फिट ऊँची बनवाई।।
तब तीर्थ अयोध्या ऋषभदेव की जन्मभूमि बन चमक उठी।
जिनशासन की जैनी जनता प्रभु जयकारा कर झूम उठी।।६।।
प्राचीन काल से तीरथयात्रा श्रद्धालु जन करते हैं।
गुरु उपकारों का सुमिरन कर टोंकों का वन्दन करते हैं।।
अब सुनो और आगे इस तीर्थ का वैâसे और विकास हुआ।
बीसवीं सदी के अंतिम दशक में दिव्यशक्ति का प्रवास हुआ।।७।।
यह दिव्यशक्ति हैं अवध में जनमीं गणिनी ज्ञानमती माता।
जिनका है जन्म से ही इस तीर्थ अयोध्या से सीधा नाता।।
उन्निस सौ बानवे सन् में धनतेरस को ध्यान प्रेरणा मिली।
माता को तीर्थ अयोध्या विकसित करने की तब लगन लगी।।८।।
उनके विहार से तीरथ का सुन्दर विकास सम्पन्न हुआ।
प्रभु ऋषभदेव मस्तकाभिषेक से सारा भारत धन्य हुआ।।
फिर तो इस शाश्वत नगरी का पूरी दुनिया में नाम हुआ।
त्रैकालिक जिनवर मंदिर एवं समवसरण निर्वाण हुआ।।९।।
तीनों मंदिर के दर्शन कर यात्री जब आगे चलते हैं।
यहाँ जन्मे प्रभु के जन्मस्थल टोंकों की वंदना करते हैं।।
श्री ऋषभदेव प्रभु अजितनाथ अभिनंदन को शत वन्दन है।
प्रभु सुमतिनाथ एवं अनंत के पद में कर लो वंदन है।।१०।।
इन पाँचों टोंकों पर विशाल जिनमंदिर के निर्माण हुए।
स्वामी रवीन्दकीर्ती के निर्देशन में पुण्य के धाम बने।।
है छठी टोंक भरतेश बाहुबलि चक्रवर्ति मदनेश्वर की।
सबमें जिनप्रतिमा के संग है प्राचीन चरणपादुका बनी।।११।।
सन् दो हजार बाइस तेइस में पुन: मात प्रेरणा मिली।
उनके मंगल सान्निध्य में शाश्वत तीरथ पर फिर ज्योति जली।।
चक्रीश भरत की इकतिस फुट प्रतिमा का मंदिर बना यहाँ।
वृषभेश के इक सौ एक पुत्र का विश्वशांति मंदिर है यहाँ।।१२।।
है तीनलोक रचना व तीस चौबीसी जिनवर का मंदिर।
इक महल सर्वतोभद्र अयोध्या तीरथ का है आकर्षण।।
इन सभी अलौकिक निर्माणों से तीर्थ निराला लगता है।
इक बार दर्श जो कर लेता फिर आने का मन करता है।।१३।।
इस तरह अयोध्या में अनेक जिनमंदिर पुण्य के साधन हैं।
श्रीदेशभूषणाचार्य ज्ञानमति माँ की प्रेरणा के फल हैं।।
सरयू नदि के तट पर निर्मित श्री ऋषभदेव उद्यान बड़ा।
वृषभेश्वर की प्रतिमा से उस उपवन का है सम्मान बढ़ा।।१४।।
जय हो इस तीर्थ अयोध्या की जय हो यहाँ जनमे प्रभुवर की।
जय हो इक्ष्वाकुवंशी प्रभु एवं सूर्यवंशि रामेश्वर की।।
इस तीर्थ वन्दना से हमको अपना भवभ्रमण मिटाना है।
‘‘चन्दनामती’’ निज जन्म को जन्मकल्याणक हमें बनाना है।।१५।।