-गीता छंद-
इस भरतक्षेत्र विषे जिनेश्वर भविष्यत में होएंगे।
उनके निकट में भव्य अगणित कर्मपंकिल धोएंगे।।
चौबीस तीर्थंकर सतत वे विश्व में मंगल करें।
मैं भक्ति से वंदन करूँ मुझ सर्वसंकट परिहरें।।१।।
-गीता छंद-
‘महापद्मनाथ’ प्रभु के, पदपद्म को जो वंदते।
जगद्वंद फंद निमूल कर, वे सर्व दुख को खंडते।।
भावी जिनेश्वरदेव को मैं, भक्ति से वंदन करूँ।
नवलब्धिसिद्धी हेतु प्रभु की, चित्त में श्रद्धा धरूँ।।१।।
‘सुरदेवनाथ’ जिनेन्द्र सब के, पापमल को धोवते।
जो नित्य ही उनको जपें, वे सर्व व्याधी खोवते।।
भावी जिनेश्वरदेव को मैं, भक्ति से वंदन करूँ।
नवलब्धिसिद्धी हेतु प्रभु की, चित्त में श्रद्धा धरूँ।।२।।
श्री ‘सुपार्श्वनाथ’ अपूर्व भास्कर, हृदय का तम नाशते।
उनके अलौकिक ज्ञान में, तीनों भुवन ही भासते।।भावी..।।३।।
श्रीमत् ‘स्वयंप्रभ’ देव अक्षय, अतुल निधि के नाथ हैं।
जो भक्ति से आराधते, वे सत्यमेव सनाथ हैं।।भावी..।।४।।
‘सर्वात्मभूत’ जिनेन्द्र के, पदकमल की आराधना।
गणधर मुनीश्वर नित करें, बस स्वात्महेतू साधना।।भावी..।।५।।
श्री ‘देवपुत्रनाथ’ भावी, को सभी जन वंदते।
जो ध्यान में धारें उन्हीं के, कर्मशत्रू खंडते।।भावी..।।६।।
‘कुलपुत्रनाथ’ जिनेश त्रिभुवन, के शिखामणि होएंगे।
जो भव्य नित आराधते, वे सर्वसंकट खोएंगे।।भावी..।।७।।
जिन ‘उदंकनाथ’ अनंत गुणमणि, रत्न भूषित होएंगे।
भवि के अनंतानंत दु:खों, को तुरत ही धोएंगे।।भावी..।।८।।
श्रीमान् ‘प्रौष्ठिलनाथ’ जिनवर, धर्म के कर्ता कहे।
उनके चरण को नित नमें, यमराज दुखहर्ता भये।।भावी..।।९।।
‘जयकीर्ति प्रभु’ की जय कहो, सब कर्म ढीले होएंगे।
जो नाम जिनवर का नमें, चिरकाल दु:ख में सोएंगे।।भावी..।।१०।।
जिनदेव ‘मुनिसुव्रत प्रभु’ की, भक्ति चिंतामणि कही।
जो मांगते हैं भक्तजन, तत्काल फल देती वही।।भावी..।।११।।
‘अरनाथ’ तीर्थंकर तुम्हें, वंदन करें शतइंद्र भी।
किन्नर मधुर ध्वनि से सदा, गुणगान उच्चरते सभी।।भावी..।।१२।।
‘निष्पापजिन’ निज भक्त को, निष्पाप कर देते अभी।
होंगे यदपि ये भविष में, पर दु:ख सब हरते अभी।।भावी..।।१३।।
बस ये कषाएँ ही जगत में, सर्व को दु:ख दे रहीं।
जो ‘निष्कषायनाथ’ जिन, वे धन्य हैं जग में सही।।
भावी जिनेश्वरदेव को मैं, भक्ति से वंदन करूँ।
नवलब्धिसिद्धीहेतु प्रभु की, चित्त में श्रद्धा धरूँ।।१४।।
‘विपुलनाथ’ भगवान सबके, पूज्य माने विश्व में।
जो वंदते हैं भक्ति से, वे धन्य होते विश्व में।।भावी..।।१५।।
जिनराज ‘निर्मलनाथ’, पूजा करम को चूरती।
आराधकों के मनोवांछित, को तुरत ही पूरती।।भावी..।।१६।।
श्री ‘चित्रगुप्तनाथ’ के, पद में सुरेश्वर नित नमें।
देवांगनाएं भक्ति से, नर्तन करें सुर संग में।।भावी..।।१७।।
जिनवर ‘समाधिगुप्त प्रभु’, पदकंज की आराधना।
आराधकों के लिए सचमुच, मुक्ति की ही साधना।।भावी..।।१८।।
श्रीमन् ‘स्वयंभूनाथ’ जिन, स्वयमेव मुक्ती पाएंगे।
उन साथ में उनके उपासक, भी वहीं पर जाएंगे।।भावी..।।१९।।
श्री‘अनिवर्तकनाथ’ सकलगुण शील के भंडार हैं।
जो भव्य श्रद्धा से नमें, होते भवोदधि पार हैं।।भावी..।।२०।।
‘जयनाथ’ तीर्थंकर सदा, जयशाली हैं परमात्मा।
वे शुद्ध बुद्ध अपूर्व अनुपम, औ अमल शुद्धात्मा।।भावी..।।२१।।
जिन ‘विमलनाथ’ निजात्म समरसमय सुधारस को पिएँ।
वे फिर अनंतानंत अनवधिकाल तक सुख से जिएँ।।भावी..।।२२।।
श्री ‘देवपालनाथ’ के गुण, गण अमल जो गावते।
वे तीन जग में कीर्ति बल्ली, व्याप्त कर शिव पावते।।भावी..।।२३।।
निज नाम से इस लोक में, जिन ‘अनंतवीर्यनाथ’ हैं।
उन नाम से हि अनंत शक्ती, प्रगट हो यह ख्यात है।।भावी..।।२४।।
दोहा– भरतक्षेत्र चौबीस जिन, होंगे धर्मधुरीण।
नमत ‘ज्ञानमति’ पूर्ण कर, होऊँ धर्म प्रवीण।।२५।।